किस इज्जत की भेंट चढ़ी निरुपमा ?
आज सुबह की ही बात है. घर में बैठा था. दो साल की बेटी खेल रही थी. कभी मूंछें खींच रही थी, तो कभी कस कर गाल पर थप्पड़ जड़ रही थी, क्योंकि मैं पत्नी से बातचीत में मशगूल था और उसकी ओर ध्यान नहीं दे रहा था. अचानक पत्नी ने बेटी को डांट दिया, कस कर, कि पापा को कोई मारता है. बेटी रोने लगी. मेरे और पत्नी के बीच ठन गयी. कुछ देर बोलचाल भी बंद रही. थोड़ी ही देर बाद बेटी को चोट लगी, तो पत्नी दौड़ कर मलहम उठाने दौड़ीं. हमारे बीच फिर से बेटी को लेकर बातचीत शुरू हो गयी. उसी बीच अचानक निरुपमा का जिक्र आ गया. पत्रकार निरुपमा पाठक का. मैंने पत्नी को सारी कहानी बतायी. साथ में यह भी कि शायद किसी करीबी ने उसकी हत्या कर दी. क्योंकि तब तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया था. सारा मामला जानने के बाद पत्नी बोलीं – आखिर क्यों मारा गया निरुपमा को...सिर्फ इसलिए कि वह विजातीय शादी करना चाहती थी. तब (विजातीय शादी करने से) जो इज्जत जाती घर वालों की, क्या अब वह बची रही. किस इज्जत की दुहाई दे रहे होंगे उसके परिवारवाले. अब जब जमाना बेटी का हत्यारा कह कर पुकारेगा. अब जब निरुपमा के पिता व भाई थाने के चक्कर लगा ...